देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए हैं। सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पेयजल एवं जल जीवन मिशन से जुड़ी लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह में समाधान सुनिश्चित करने को कहा। शून्य प्रतिशत कार्रवाई वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं, भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पहले माह से ही पेंशन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।