हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कांवड़ यात्रा के दौरान खराब सड़कों की स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर तथा सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि हरिद्वार में जगह-जगह सड़कें धंस रही हैं, बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं और सीवर के चैंबर व मेनहोल खुले पड़े हैं, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुनील सेठी ने कहा कि उत्तर हरिद्वार, सप्तसरोवर रोड, अपर रोड, ललतारौ पुल, कनखल, जगजीतपुर सहित कई क्षेत्रों की सड़कें हादसों का केंद्र बन गई हैं। बारिश के दौरान इन मार्गों पर चलना लोगों के लिए जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के गड्ढामुक्त सड़कों के निर्देशों के बावजूद पीडब्ल्यूडी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर महिलाएं और आवारा पशु गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं, जबकि हाईवे की सर्विस रोड भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गड्ढों की मरम्मत और सड़क सुधार के लिए पर्याप्त बजट स्वीकृत होने के बावजूद विभाग की लापरवाही सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मांग करने वालों में राकेश कुमार, लालजी, अमित अरोड़ा, सोनू चौधरी, राहुल सिंह, एस.एन. तिवारी, पावन पांडे, जनार्दन सिंह, अमित सिंह, आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल और देवेंद्र शर्मा शामिल रहे।