गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा, सीएम धामी बोले- राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा का लें संकल्प

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को गांधी पार्क से घंटाघर तक हर घर तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा में प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र गौरव और करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने दुनिया के सामने अपनी सैन्य क्षमता का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

धामी ने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक हो गई है। रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम स्टे और पर्यटन नीति समेत कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने राज्य में लागू धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता समेत सरकार की विभिन्न नीतियों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *