हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को हरिद्वार और रुड़की में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, लाल मिर्च, हल्दी और पनीर के नमूने जांच के लिए लिए गए। रुड़की में करीब 90 किलो खराब पनीर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने शांतिकुंज, भूपतवाला, अपर रोड, हरकी पैड़ी और बिल्केश्वर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने भूपतवाला की एक डेयरी से दूध और शांतिकुंज के एक ढाबे से खुली लाल मिर्च व हल्दी पाउडर के नमूने लिए।
टीम ने खड़खड़ी, भूपतवाला और शांतिकुंज क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने, ताजा खाद्य सामग्री बेचने और बासी खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए। खाद्य सामग्री को ढककर रखने के लिए भी कहा गया।
उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने रुड़की के कांवड़ पटरी मार्ग पर डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने पनीर के तीन नमूने जांच के लिए लिए। वहीं करीब 90 किलो खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।