सीएम ने क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट और स्मारिका का किया विमोचन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति समाज को जागरूक करने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने समिति की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से प्रदेश को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने और उत्तराखंड के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। समिति के पदाधिकारियों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर विधायक सुरेश सिंह चौहान, दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *