हरिद्वार। डाक कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। देश के विभिन्न राज्यों से कांवड़िये गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। शहर और कांवड़ मार्गों पर हर ओर बोल बम के जयकारे गूंज रहे हैं।
कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से किए गए इंतजामों की श्रद्धालु जमकर सराहना कर रहे हैं। यात्रा मार्गों पर सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
लुधियाना से कांवड़ लेने पहुंचे एडवोकेट मोहित अग्रवाल ने कहा कि वह हर साल गंगाजल लेने हरिद्वार आते हैं। इस बार व्यवस्थाएं काफी बेहतर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि कांवड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
हरियाणा के करनाल से आए संदीप कुमार ने बताया कि वह पिछले 10-15 वर्षों से लगातार कांवड़ लेने हरिद्वार आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जगह-जगह मेडिकल कैंप, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और भोजन की अच्छी व्यवस्था की गई है।
सहारनपुर से आईं सोनिया ने भी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं सहारनपुर के ही अनिकेत कुमार ने कहा कि यात्रा मार्गों पर शौचालय, पानी, लंगर और रोशनी की व्यवस्था अच्छी है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार कांवड़ मार्गों पर सफाई, सुरक्षा और पेयजल की व्यवस्था पहले से बेहतर नजर आ रही है। शिवमय हुई धर्मनगरी में श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जिला प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया। उनका कहना है कि बेहतर प्रबंधन और सेवाभाव से कांवड़ यात्रा का अनुभव यादगार बन रहा है।