कुम्भ नगरी अब बनेगी खेल नगरी : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार में नव निर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 54 करोड़ 31 लाख रुपये की 239 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं से हरिद्वार में विकास की गति तेज होगी। सिटी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में बनाए गए विभिन्न खेल सुविधाएं, जैसे लॉन टेनिस कोर्ट, क्रिकेट पिच और बैडमिंटन कोर्ट, प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए सहायक सिद्ध होंगी। यह कॉम्पलेक्स 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भी महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल 12 अक्टूबर को पिथौरागढ़ में राज्य में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का ऐलान किया था और इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से पहले प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर खेल स्टेडियम और इनडोर-आउटडोर स्टेडियम का पुनर्निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में भी राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होगा, जिससे कुंभ नगरी को खेल नगरी के रूप में नई पहचान मिलेगी। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शीतकालीन यात्रा की तैयारी भी तेज़ी से कर रही है, जिससे पूरे साल यात्रा अनवरत चलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने में जुटी है। हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है, वहीं लालढांग में मॉडर्न डिग्री कॉलेज स्थापित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाने के लिए ग्राम श्यामपुर में स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गई है। हरिद्वार और ऋषिकेश में कॉरिडोर निर्माण कार्य भी चल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हर की पैड़ी से मां चंडीदेवी तक रोपवे का निर्माण जल्द शुरू होगा। शंकराचार्य फ्लाईओवर के नीचे गेम जोन और दूधाधारी फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग और विकास कार्य हो रहे हैं। राज्य सरकार पलायन रोकने और निवेश लाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दुग्ध उत्पादन, मधु उत्पादन, कृषि, बागवानी, सुगंधित फूलों की खेती और होम स्टे निर्माण को बढ़ावा दे रही है। लखपति दीदी योजना से महिलाओं को वित्तीय सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 19,000 से ज्यादा लोगों को सरकारी नौकरियां मिलीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार होनहार छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देगी और डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के लिए कार्य कर रही है। धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया और समान नागरिक संहिता को जल्द लागू किया जाएगा।

इस अवसर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, विधायक मदन कौशिक ,प्रदीप बत्रा,पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कुंवर प्रताप सिंह चौंपियन, जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, देशराज कर्नवाल, पूर्व शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा,जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान, पूर्व राज्यमंत्री सुशील चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम भुल्लर, जिला महामंत्री ,आशुतोष शर्मा, आशु चौधरी, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, विकास तिवारी ,ओपी जमदग्नि, नागेंद्र राणा, हीरा सिंह बिष्ट ,विशाल गर्ग,मोहित वर्मा ,सुनील सैनी, जयराम आश्रम के अधिष्ठाता स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, गुरुकुल कुलपति हेमलता के, गुरुकुल कुलसचिव सुनील कुमार, जिलाधिकारी कमेन्द्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, एचआरडीए सचिव उत्तम सिंह चौहान, एचआरडीए उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ,नगर आयुक्त गौरव चौधरी, एसपी सिटी पंकज गैरोला, अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ आरके सिंह, डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार सिंह, एसडीएम जितेंद्र कुमार, नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी, तहसीलदार प्रियंका रानी सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *