‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ मेगा प्रदर्शनी का शुभारंभ

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नेहरू स्टेडियम में ‘विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड’ मेगा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में आत्मनिर्भर भारत और उत्तराखंड की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। डीआरडीओ, इसरो, टीएचडीसी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों सहित राज्य के विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों ने स्टॉल लगाकर अपने नवाचार और योजनाएं प्रदर्शित की हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड में सड़कों, रेलवे, हेली सेवाओं, मॉडल डिग्री कॉलेजों और खेलों के विकास पर तेजी से कार्य हो रहा है। बेरोजगारी दर में कमी लाने और युवाओं को सरकारी नौकरियां देने में राज्य ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने बताया कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित करने के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी स्वयं उत्तराखंड में शीतकालीन चारधाम यात्रा का हिस्सा बनने आ सकते हैं।

इस मौके पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कल्पना सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विधायक प्रदीप बत्रा और अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *