सीएम धामी बोले– संकट की घड़ी में सरकार आपके साथ, मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की मदद

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नंदानगर क्षेत्र पहुंचकर आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय और हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक भी सौंपे।

मुख्यमंत्री ने कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाए जाएं और जल्द से जल्द जन-जीवन को सामान्य किया जाए।

सीएम धामी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क संपर्क बहाल करने के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि अब तक 12 घायलों को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर भेजा गया है। इनमें एक घायल को एम्स ऋषिकेश और 11 को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जिलाधिकारी के अनुसार, कुंतरी लगा फाली, सरपाणी, धुर्मा, सेरा और मोख में लगभग 45 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। 15 गौशालाएं नष्ट हुई हैं, आठ पशुओं की मौत हुई है और 40 पशु लापता बताए गए हैं। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, आश्रय और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस मौके पर जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, एसडीएम आर.के. पांडेय समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *