हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकार कल्याण कोष के तहत मृतक पत्रकार स्वर्गीय रामराजा की पत्नी शालू को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य शशि शर्मा और अमित शर्मा ने उन्हें सहायता राशि का चेक सौंपा।
जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों, गंभीर बीमारी से पीड़ित सक्रिय पत्रकारों और मृतक पत्रकारों के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में सरकार की यह पहल महत्वपूर्ण है।
समिति के सदस्यों शशि शर्मा और अमित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश और सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की पहल पर जरूरतमंद पत्रकारों और उनके आश्रितों को समय-समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
इस दौरान पत्रकार बाल कृष्ण शर्मा, रवींद्र, प्रमोद कुमार और मोहन राजा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।