टूटी सड़कें, बड़े-बड़े गड्ढे, मुख्यमंत्री के आदेशों को भी नहीं मान रहे संबंधित विभाग : सुनील सेठी

हरिद्वार। शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर महानगर व्यापार मंडल ने जिम्मेदार विभागों के खिलाफ विरोध जताया। व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई सहित सीवर कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की।

महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि संपूर्ण हरिद्वार में कई जगह सड़कों की हालत बेहद खराब है। राहगीर चोटिल हो रहे हैं और स्कूल बसें गड्ढों में धंसने से बच रही हैं। पैदल चलने वाले लोगों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक तक इन टूटी सड़कों से परेशान हैं। विशेषकर उत्तरी हरिद्वार में सप्तऋषि से दूधाधारी चौक, सर्वानंद एवं सप्तसरोवर रोड की हालत बेहद खराब है। इन सड़कों पर चलना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद संबंधित विभाग कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। लोगों की जान जोखिम में डालने के साथ ही जिम्मेदार विभाग मुख्यमंत्री के आदेशों की भी अवहेलना कर रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पुनः शिकायत भेजी गई है। उन्होंने जिलाधिकारी से भी संबंधित विभागों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

श्री गायत्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति एवं संगठन महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने कहा कि कई बार रात के समय बिना सूचना के सड़क खोद दी जाती है। इससे बिजली, पानी और गैस की लाइनें तक क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। बिना रोडमैप के की जा रही खुदाई के कारण जनता को कभी पानी तो कभी बिजली की समस्या से जूझना पड़ता है।

महामंत्री लालजी यादव एवं सतनाम सिंह ने कहा कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण पहले से टूटी सड़कें ठीक नहीं की जा रही हैं और नई-नई जगहों पर सड़कें खोदकर जनता को परेशान किया जा रहा है। अब यह लापरवाही बर्दाश्त से बाहर है। जगह-जगह स्कूल बसें और राहगीर गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वाहनों के टायर फट रहे हैं और गाड़ियां खराब हो रही हैं।

इस दौरान देवेंद्र गोयल, एडवोकेट मेघराज, धर्मेंद्र बब्बर, श्रीनिवास गोयल, सन्नी अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, विकास गुप्ता, सावन कुमार, राजेश पांडे, सुशील कुमार, हरीश अरोड़ा, ओम प्रकाश भट्ट, गौरव खन्ना, पावन पांडे, अशोक बजाज, अमित शर्मा, नीरज मिश्रा, मुकेश ठाकुर, दीपक रावत, राजेश पाठक, लक्की अनेजा, एसएन तिवारी, अशोक तिवारी, राकेश सिंह, गौरव शर्मा, जुगल किशोर, नंदकिशोर पांडे, आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *