बहादराबाद में बहुउद्देशीय शिविर, 630 ग्रामीणों ने लिया हिस्सा

हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहादराबाद विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, पेंशन, राशन, राजस्व, कृषि, समाज कल्याण और अतिक्रमण से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

शिविर में कुल 630 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रमाणपत्रों के लिए 74 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि सरकारी योजनाओं के माध्यम से 328 लोगों को लाभान्वित किया गया। ग्रामीणों की ओर से कुल 39 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

करीब 23 विभागों ने शिविर में स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए मौके पर आवेदन भी प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण कराया जाएगा।

दर्जाधारी मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए गांव-गांव में इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

दर्जाधारी मंत्री जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पात्र लोगों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों के आवेदन मौके पर ही प्राप्त करना है। शिविर में अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। इनके समाधान के लिए संबंधित राजस्व अधिकारियों के स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद आशा नेगी, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, उप प्रमुख उधम सिंह, सुशांत चौहान, तेलूराम, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *