हरिद्वार। अर्धकुंभ मेले के तहत होने वाले अधिकांश कार्य स्थायी रूप से किए जाएं, ताकि मेले के बाद भी हरिद्वार की जनता को उनका लाभ मिल सके। इस मांग को लेकर महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती से मुलाकात कर जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों का मांगपत्र सौंपा।
सुनील सेठी ने दूधाधारी से रेलवे स्टेशन तक मुख्य स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाए जाने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को मां गंगा की आरती के लाइव दिव्य दर्शन हो सकें। उन्होंने कहा कि भीड़ का दबाव बढ़ने पर जो श्रद्धालु हरकी पैड़ी नहीं पहुंच पाएं, वे रास्ते में या किसी निर्धारित स्थान पर रुककर गंगा आरती के दर्शन कर सकें। इन स्क्रीनों का लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिल सकेगा।
उन्होंने फ्लाईओवरों के नीचे स्थायी सुलभ शौचालय और पानी के प्याऊ बनवाने, प्रमुख तिराहे-चौराहों के आसपास पेयजल की व्यवस्था करने तथा सप्तऋषि से सिंहद्वार तक गंगा घाटों पर बरसात में क्षतिग्रस्त हुई रेलिंग और चेन को दोबारा लगवाने की मांग की।
इसके अलावा मेला बजट से भीमगोड़ा और सर्वानंद अंडरपास में जनता की सुविधा के लिए रेलिंग व सीसी रोड बनवाने, भीमगोड़ा ऊंचे पुल की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण तथा एनएचएआई के सहयोग से सिंहद्वार से शांतिकुंज तक फ्लाईओवरों के सभी अंडरपासों को अतिक्रमण मुक्त कर सौंदर्यीकरण कराने की मांग रखी गई।
अपर कुंभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे। इस दौरान गौरव भाटिया, भागीरथ प्रजापति, लालजी यादव, देवेंद्र गोयल और हरिमोहन भारद्वाज मौजूद रहे।