योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार में पहुंचे सीएम धामी, दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां स्वर्गीय सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमामि गंगे घाट पहुंचकर स्वर्गीय सावित्री देवी के अंतिम दर्शन किए और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

सीएम धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होता है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

अंतिम संस्कार में योगऋषि स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे।

इस दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई मंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *