हाईकोर्ट के आदेश के बाद सफाई कर्मियों के संयुक्त मोर्चे ने हड़ताल वापस ले ली है। बृहस्पतिवार से सफाई कर्मी काम पर लौटेंगे। उधर संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारी राहत मसीह ने कहा कि हड़ताल वापस, सफाई करेंगे लेकिन धरना जारी रहेगा। हड़ताल खत्म होने के बाद नगर निगम और लोगों ने राहत की सांस ली है।
हाईकोर्ट के आदेश आने से पूर्व बुधवार को सफाई कर्मियों ने नगर निगम में प्रदर्शन किया। उन्होंने शासनादेश के अनुसार मानदेय देने की मांग की। उधर नगर निगम के अधिकारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज कांडपाल के नेतृत्व में सफाई में जुटे रहे। बुधवार को नगर निगम ने 31 वार्ड में कूड़ा गाड़ियां चलाई। उधर निगम ने दो जेसीबी और डंपर किराए पर लेकर शहर के कूड़ा घरों को खाली कराया। देर शाम हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली है। संयुक्त मोर्चे के पदाधिकारी राहत मसीह ने कहा कि मोर्चा हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने हड़ताल वापस ले ली है। बृहस्पतिवार से सफाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मानदेय की मांग को लेकर उनका धरना नगर निगम में जारी रहेगा।