हरिद्वार में सीवरेज कार्य के चलते खोदी गई सड़कों को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभाग और ठेकेदार दिन-रात काम कर रहे हैं, ताकि चारधाम यात्रा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
परियोजना प्रबंधक गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम के अनुसार, केएफडब्ल्यू वित्त पोषित जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में तेजी से कार्य जारी है। बीते एक दिन में कुल 381 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।
पैकेज-01 में इंडस्ट्रियल एरिया में 155 मीटर बीटी रोड का कार्य पूर्ण हुआ। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत शिवपुरम कॉलोनी, लोकसेवा आयोग क्षेत्र, द्वारका विहार, गणपति धाम फेस-3 और मोहन एनक्लेव में सीसी रोड निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कर लिए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को राहत मिल सके।