सामूहिक दुष्कर्म का मामला निकला षड्यंत्र, आरोपित से पूछताछ एफआईआर में होगा बदलाव

चंपावत । 16 वर्षीय नाबालिग संग सल्ली में सामूहिक दुष्कर्म षड्यंत्र मामले का मास्टर माइंड पूर्व मंडल अध्यक्ष और उसकी महिला मित्र संग पुलिस पूछताछ कर रही है।
इसमें इन दो आरोपितों के अलावा तीन और अज्ञात शामिल है। पूर्व में पंजीकृत प्राथमिकी में संशोधन कर नाम बढ़ाए जाएंगे। साथ ही पुलिस आरोपितों की शुक्रवार को कोर्ट ने पेशी कर सकती है।
पुलिस के अनुसार 6 मई 2026 को एक व्यक्ति ने कोतवाली चम्पावत में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री के साथ तीन लोगों ने दुष्कर्म किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्वयं पीड़िता से बातचीत कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए आरएफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण, काउंसिलिंग और न्यायालय में बयान भी तत्काल कराए। विवेचना के दौरान सामने आया कि पीड़िता विवाह समारोह में अपनी इच्छा से अपने दोस्त के साथ गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सीडीआर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच की।
मेडिकल परीक्षण में न तो किसी संघर्ष के निशान मिले और न ही जबरदस्ती के स्पष्ट संकेत। कई गवाहों के बयान भी तकनीकी साक्ष्यों से मेल नहीं खाए।
सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब जांच में पाया गया कि नामजद आरोपी घटना के समय मौके पर मौजूद ही नहीं थे। पुलिस का कहना है कि गवाहों और तकनीकी साक्ष्यों से यह तथ्य पुष्ट हुआ है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कमल रावत, पीड़िता और उसकी महिला मित्र के बीच घटना वाले दिन असामान्य रूप से लगातार संपर्क हुआ था। पुलिस के अनुसार बदले की भावना से प्रेरित होकर एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पूरे घटनाक्रम को रचा गया।
 चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टोरलेंस नीति अपनाई जाती है, लेकिन यदि जांच में आरोप भ्रामक या मनगढ़ंत पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल डिजिटल और फॉरेंसिक साक्ष्यों की विस्तृत जांच जारी है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *