हल्द्वानी। शुक्रवार सुबह जनपद पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित आदि कैलास और ओम पर्वत की यात्रा के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) की ओर से पहले यात्री दल को रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह हल्द्वानी के तिकोनिया स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से सुबह आठ बजे श्रद्धालु तीर्थ यात्रा के लिए निकले। इस दौरान यात्रियों ने हर-हर महादेव, जय भोले की जैसे जयकारे लगाए।केएमवीएन के इस पहले दल में 20 सदस्य शामिल हैं, इनमें 13 महिला और सात पुरुष यात्री हैं। रवाना हुए 14 यात्री 60 या इससे अधिक उम्र के हैं। इन यात्रियों को दो टेंपो ट्रैवलर से रवाना किया गया, जिनमें 11 सदस्य गुजरात, पांच दिल्ली, दो उत्तराखंड और एक-एक यात्री उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र के शामिल हैं। सभी बेहद खुश नजर आए और भोलेनाथ के पावन धाम के दर्शन के लिए उत्सुक दिखे। दल सुबह 10 बजे कैंची धाम पहुंचेगा, जहां श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। उन्हें नीब करौरी बाबा के दर्शन कराए जाएंगे। यहां नाश्ते के बाद श्रद्धालु अल्मोड़ा के चितई गोलू देवता मंदिर और जागेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर का भोजन करने के बाद पिथौरागढ़ के लिए रवाना होंगे।