देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की कार्यशैली को लेकर विवाद गहरा गया है। ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन (AISNA) के प्रदेश महासचिव सोमपाल सिंह के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में पत्रकारों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
पत्रकारों के अनुसार, दो मई की रात इमरजेंसी ओटी के पास तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने पार्किंग को लेकर हुए विवाद में अभद्रता की और मारपीट पर उतर आया। इस दौरान बीमार परिजन की मदद के लिए पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार सोमपाल सिंह को भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि कुछ सुरक्षा कर्मी ड्यूटी के दौरान नशे में भी थे।
घटना से नाराज पत्रकारों ने अस्पताल प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षा कर्मियों का व्यवहार लगातार सवालों के घेरे में है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने पत्रकारों से वार्ता की और जांच समिति गठित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सोमपाल सिंह, धीरज पाल सिंह, अफरोज खान, अमित गोदियाल, सोनू उनियाल और बसंत पंत सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।