हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से हर साल की तरह इस बार भी गंगोत्री धाम के लिए खाद्य सामग्री से भरा ट्रक रवाना किया गया। चरण पादुका मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यह ट्रक गंगोत्री धाम के लिए भेजा गया, जहां कपाट खुलने पर इसी सामग्री से बने प्रसाद का विशेष भोग लगाया जाएगा।
इस दौरान निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रामरतन गिरी महाराज ने ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं गंगोत्री धाम के रावल शिव प्रकाश महाराज ने पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता की कामना की। ट्रस्ट द्वारा भेजी गई सामग्री से तैयार प्रसाद हजारों श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।
महंत रामरतन गिरी ने बताया कि हर वर्ष गंगोत्री धाम के कपाट खुलने पर सबसे पहला भोग हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से ही लगाया जाता है। इस परंपरा को निभाते हुए खाद्य सामग्री भेजी गई है।
बताया गया कि 18 अप्रैल को मां गंगा की डोली यात्रा मुखीमठ से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। इसके बाद विधि-विधान के साथ 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर कपाट खोल दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि यह परंपरा वर्षों पुरानी है, जिसे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में पुनः शुरू किया गया और अब यह लगातार जारी है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना भी की गई।