देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा सुशासन और समर्पण पखवाड़ा के तहत 4 से 9 जुलाई तक प्रदेशभर में 73 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए। इनमें 64,192 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान 21,908 से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि 5,567 शिकायतों में से 4,901 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविरों में आय, जाति, निवास सहित विभिन्न प्रमाण-पत्रों के लिए 2,522 आवेदन प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालयों में जनता को बुलाने के बजाय स्वयं क्षेत्र में जाकर समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान सुशासन को मजबूत करने के साथ ही सरकार और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।