सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में बैठक कर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों के वेतन, ईपीएफ, स्वास्थ्य सुविधाओं, सुरक्षा उपकरणों और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने मृतक सफाई कर्मचारियों के आश्रितों को एक सप्ताह के भीतर शैक्षिक योग्यता के अनुसार सेवायोजित करने तथा 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मचारियों के विनियमितीकरण की कार्रवाई करने को कहा। साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मकवाना ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए नियमित शिविर लगाने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा खुले नालों, सीवर और सेफ्टी टैंकों में काम करने वाले कर्मचारियों का सर्वे कर सूची आयोग को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, एसपी सिटी दीपक सिंह, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *