हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जीएमएचआर भेल संतोष कुमार गुप्ता को कर्मचारियों और पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मियों की सुविधाओं के लिए कई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में मुख्य चिकित्सालय भेल आने-जाने के लिए ई-रिक्शा संचालन शुरू करने, पूर्व की भांति कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की समस्याओं की सुनवाई के लिए सप्ताह में एक दिन निर्धारित करने तथा दवाइयों की गुणवत्ता में सुधार की मांग उठाई गई। इसके अलावा एडहॉक पर कार्यरत डॉक्टरों को नियमित करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करने की भी मांग की गई।
संगठन ने ठेका कर्मचारियों को दिए जाने वाले एक माह के ब्रेक को घटाकर 15 दिन करने, 75 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों के लिए खिड़की से पंजीकरण और परामर्श हेतु अलग समय निर्धारित करने तथा मुख्य चिकित्सालय की कैंटीन में चाय और भोजन की गुणवत्ता सुधारने की मांग भी रखी।
ज्ञापन में वर्ष 2007 से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को इमरजेंसी नीड्स एंड मिशन स्कीम के तहत पुनः 10 हजार रुपये वार्षिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
जीएमएचआर भेल संतोष कुमार गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जल्द ही ई-रिक्शा संचालन शुरू किया जाएगा। साथ ही भेल कॉर्पोरेट दिल्ली की ओर से 12 डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए सर्कुलर जारी किया गया है। उन्होंने भोजन और चाय की गुणवत्ता सुधारने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही तथा अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
संगठन प्रतिनिधिमंडल ने सौहार्दपूर्ण बैठक के लिए उनका आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में प्रीति निधि मंडल, अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह, उपाध्यक्ष विद्यासागर गुप्ता, महामंत्री बाबूलाल सुमन, सक्रिय सदस्य सुभाष ग्रोवर, राम कुमार शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।