हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाते हुए निरंतर कार्रवाई कर रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा के नेतृत्व में भीमगोड़ा क्षेत्र में नगर निगम, पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए खोखों एवं ठेलियों को हटाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों एवं सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।