मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ऋषिकेश :
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा एवं पंजीकरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के रजिस्ट्रेशन, स्वास्थ्य जांच और ठहरने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से संवाद कर फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए किसी प्रकार का इंतजार न करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य जांच केंद्रों का निरीक्षण कर यात्रियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया और उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की। कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया और यात्रा को सुगम बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।

ट्रांजिट कैंप में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामायण और महाभारत के प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है, जिसकी यात्रियों ने सराहना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रतीक्षा के दौरान इससे उन्हें आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो रहा है।

इसके अलावा कैंप परिसर में लंगर एवं नि:शुल्क भोजन-पानी की व्यवस्था की गई है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी की जा रही है, जिससे उन्हें स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *