बिना लेबल की 351 सॉस बोतलें सीज, आठ क्विंटल सॉस नष्ट

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को रुड़की के मतलबपुर स्थित मां भगवती फूड्स पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बिना लेबल की 351 वेजिटेबल सॉस की बोतलें सीज कर दीं। वहीं, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किए गए करीब आठ क्विंटल सॉस (अनुमानित मूल्य 32 हजार रुपये) को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही इकाई में सॉस और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण व बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि बिना लेबल के सॉस बिकने की लगातार शिकायतें मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार के साथ संयुक्त कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) का विवरण अंकित नहीं था।

निरीक्षण के दौरान निर्माण इकाई में भारी गंदगी मिली। मशीनें, दीवारें और फर्श अस्वच्छ पाए गए। टीम ने वेजिटेबल सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिए। इसके अलावा पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र और पैकिंग में प्रयुक्त प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र सहित आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि लेबलिंग नियमों के उल्लंघन, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण स्टॉक में रखा करीब आठ क्विंटल सॉस नष्ट कराया गया। फैक्टरी के गेट पर नोटिस चस्पा कर निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *