हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध व गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभागीय टीमों ने होटल, ढाबों, कैंटीन और रेस्टोरेंट्स में छापेमारी की।
सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि नेशनल हाईवे-58 पर जुर्स कंट्री से कोर कॉलेज रुड़की तक 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान काला चना और खाद्य तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण में एक्सपायरी डेट और निर्माण तिथि के बिना खुले मसाले मिलने पर हल्दी व लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया, जबकि बहादराबाद स्थित एक कैंटीन से 4.5 किलो दुर्गंधयुक्त उबले काले चने नष्ट कराए गए। गंभीर अनियमितताओं पर संबंधित कैंटीन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
विभागीय टीमों ने सिडकुल, हर की पैड़ी, कनखल, पुहाना और झबरेड़ा क्षेत्रों में भी निरीक्षण कर पनीर, सरसों तेल, सूजी, खाद्य तेल और धनिया पाउडर के नमूने लिए। कई खाद्य कारोबारियों को दस्तावेजों की कमी और अन्य अनियमितताओं पर नोटिस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।