हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), मेला प्रशासन और जिला प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में कुंभ से पहले हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में एनएचएआई के सदस्य (प्रशासन) विशाल चौहान, मेलाधिकारी सोनिका तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अधिकारियों ने हरिद्वार बाईपास, प्रस्तावित रिंग रोड, फ्लाईओवर, सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार और यातायात प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। ज्वालापुर, बहादराबाद और मंगलौर क्षेत्रों में निर्माणाधीन फ्लाईओवरों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सर्विस लेन, सड़क प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और सड़क सुरक्षा कार्यों को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
निर्माण कार्यों में भूमि उपलब्धता, यातायात डायवर्जन, बिजली-पानी लाइनों की शिफ्टिंग और विभागीय अनुमतियों जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।