ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग, सुबह मुरादाबाद के लिए चले शटल ट्रेन

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन हरिद्वार ने ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, सुबह हरिद्वार से मुरादाबाद के लिए शटल ट्रेन चलाने और राप्ती गंगा एक्सप्रेस का संचालन पूरे सप्ताह करने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रियों की सुविधाओं में विस्तार करने का आग्रह किया है।

संगठन का कहना है कि सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया है, लेकिन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से क्षेत्रीय जनता और व्यापारियों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्वालापुर क्षेत्र के आसपास सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र, बीएचईएल सहित कई प्रमुख संस्थान हैं और यहां बड़ी आबादी निवास करती है। स्टेशन पर आरक्षण और माल ढुलाई से रेलवे को राजस्व भी प्राप्त होता है।

पत्र में ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस, जम्मू तवी एक्सप्रेस, गंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस और गोरखपुर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि इससे स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ कम करने में मदद मिल सकती है।

संगठन ने हरिद्वार से मुरादाबाद के लिए सुबह कोई उपयुक्त ट्रेन नहीं होने से सरकारी कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया। पत्र में सुबह के समय शटल पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की गई है। साथ ही, राप्ती गंगा एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन संचालित करने और वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में मिलने वाली 40 से 50 प्रतिशत तक की छूट दोबारा शुरू करने का अनुरोध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *