हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देश एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चौथे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में देवपुरा चौक से वाल्मीकि चौक (ललतारौ पुल) तक अभियान चलाकर 60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा 15 से अधिक ठेलियां जब्त की गईं। रुड़की के पुहाना और सालियर बाईपास क्षेत्र में भी सड़क किनारे किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण जेसीबी से हटाए गए।
लक्सर में मेन मार्केट ओवरब्रिज से रेलवे स्टेशन तक 55 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान 5 लोगों के चालान कर 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग पर एक सिलेंडर जब्त किया गया।
वहीं भगवानपुर क्षेत्र में टोल प्लाजा से रायपुर चौक तक चलाए गए अभियान में 11 लोगों के चालान कर 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा 17 सामान जब्त किए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।