भेल मध्य मार्ग से शिवालिकनगर को जोड़ने वाले मार्ग का होगा चौड़ीकरण, विधायक आदेश चौहान ने किया शिलान्यास

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विधायक आदेश चौहान ने भेल मध्य मार्ग से शिवालिकनगर को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। लोक निर्माण विभाग की ओर से किए जाने वाले इस कार्य के तहत सड़क के दोनों ओर मजबूत टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे मार्ग अधिक चौड़ा, सुरक्षित और सुगम बन सकेगा।

यह मार्ग भेल मध्य मार्ग से रानीपुर कोतवाली होते हुए नगर पालिका शिवालिकनगर की टिहरी विस्थापित कॉलोनी को जोड़ता है। सड़क चौड़ीकरण से टिहरी विस्थापित कॉलोनी के वार्ड संख्या छह और सात, सुभाषनगर के वार्ड संख्या आठ तथा शिवालिकनगर के एस क्लस्टर स्थित वार्ड संख्या चार और पांच के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मार्ग के संकरा होने के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती थीं। सड़क चौड़ी होने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग छोटे वाहनों के लिए शिवालिकनगर बाइपास के रूप में भी उपयोगी साबित होगा, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में पहले शिवालिकनगर और टिहरी विस्थापित कॉलोनी के वार्ड चार और पांच के बीच पुल का निर्माण कराया जा चुका है, जबकि वार्ड पांच और सात के बीच दूसरे पुल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।

स्थानीय सभासद ब्रजलेश देवी ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों से लोगों में उत्साह है। सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाओं से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक आदेश चौहान का स्वागत किया। इस अवसर पर इंदरपाल शर्मा, विनीत चौहान, चमन चौहान, चंद्रभान सिंह, मुकेश चौहान, रंगपाल चौहान, नेत्रपाल, अमित जांगिड़, दीपक, सचिन चौहान, ऋषिपाल, जितेंद्र धीमान, कमलेश विश्वकर्मा, अमित चौहान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *