तीन मंदिरों में चोरी का खुलासा, कबाड़ी समेत दो गिरफ्तार

काशीपुर। शहर के तीन मंदिरों में हुई चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिरों से चोरी किया गया सामान और 15,420 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 26 मई को नागन शक्ति मंदिर तथा 31 मई की रात गंगे बाबा मंदिर और नागनाथ मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई थीं। चोर मंदिरों से कलश, नाग प्रतिमा, घंटियां, त्रिशूल और दानपात्र ले गए थे। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर रामनगर निवासी तालिब हुसैन को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में तालिब ने अपने साथियों सन्नी और मोईन के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कचनालगाजी निवासी कबाड़ी जलीश अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी दुकान से चोरी का सामान बरामद हुआ।

बरामदगी में एक नाग प्रतिमा, दो कलश, एक गदा, तीन त्रिशूल, गुंबद पर लगने वाले दो कलश, 17 घंटियां और 15,420 रुपये नकद शामिल हैं।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तालिब हुसैन वर्ष 2022 में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

मंदिरों में हुई चोरियों का खुलासा होने और सामान बरामद होने पर मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस टीम को सम्मानित किया गया। पुलिस टीम में एसएसआई नवीन बुधानी, चौकी प्रभारी मीना रावत, एएसआई प्रकाश बारो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *