विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए को दिया प्रशिक्षण

हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के अंतर्गत 25-हरिद्वार एवं 26-रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का प्रशिक्षण बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईआरओ एवं उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने प्रतिभागियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन तथा त्रुटि सुधार संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने निर्वाचन प्रक्रिया की विभिन्न बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने निर्वाचन कार्यों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी मीडिया गोविंद कुर्ल, संतोष रावत, प्रकाश चंद देवराणी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *