सांसद प्रतिनिधि ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी, सौंपा ज्ञापन

शिवालिकनगर। वार्ड संख्या 12 और 13 में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने नगरपालिका प्रशासन पर नाराजगी जताई। सोमवार को उन्होंने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) तारिक खान से मुलाकात कर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

अतुल वशिष्ठ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्डों में सड़कों और नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही है। मानसून से पहले नालों की सफाई न होने से जलभराव की स्थिति बन रही है। इसके अलावा कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें नहीं लगी हैं तथा जहां लगी हैं, उनमें से कई खराब पड़ी हैं, जिससे रात में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की।

इस पर अधिशासी अधिकारी तारिक खान ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वार्ड 12 और 13 की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष टीम भेजी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सफाई व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *