हरिद्वार में जाम से निपटने के लिए ठोस योजना बनाने की मांग

हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने हरिद्वार में बढ़ती यातायात समस्या और वीकेंड पर लगने वाले भीषण जाम को लेकर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। उन्होंने पार्किंग स्थलों की संख्या बढ़ाने, नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाने तथा सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने की मांग की है।

सेठी ने कहा कि वीकेंड और स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। हाल ही में जाम के चलते आम लोगों की आवाजाही के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। स्थिति संभालने के लिए पुलिस और प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

उन्होंने पत्र में सुझाव दिया कि प्रमुख चौराहों, तिराहों, हाईवे और अंदरूनी मार्गों को नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाए तथा वीकेंड के दौरान भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई जाए। साथ ही हाईवे पर कुछ पुलों की कम चौड़ाई को भी जाम का प्रमुख कारण बताते हुए उनके चौड़ीकरण की मांग की।

सेठी ने कहा कि आगामी कांवड़ मेला, कुंभ मेला और अन्य प्रमुख स्नान पर्वों को देखते हुए अभी से व्यापक और योजनाबद्ध तैयारी की आवश्यकता है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को यातायात संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

पत्र पर हरिमोहन भारद्वाज, राकेश सिंह, एस.एन. तिवारी, पंकज अरोड़ा, सौरभ सिंह, राहुल अरोड़ा, पवन सिंह, अमित अरोड़ा, सचिन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल और अमित शर्मा सहित अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *