मालिश के बहाने बुजुर्गों के सोने के गहने उड़ाने वाला शातिर ठग गिरफ्तार

 हरिद्वार। कनखल पुलिस ने बुजुर्गों को मालिश के बहाने झांसा देकर उनके सोने के गहने चोरी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी हरिद्वार, देहरादून, रुड़की और ऋषिकेश में इस तरह की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। वह पहले भी सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी और चेन चोरी व लूट के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति ने स्वयं को मालिश करने वाला बताते हुए दावा किया कि उसकी मालिश से कई लोगों का दर्द ठीक हो चुका है। बुजुर्ग होने के कारण हाथ में दर्द की शिकायत पर उन्होंने मालिश कराने की बात मान ली। मालिश शुरू करने से पहले आरोपी ने उनके हाथ में पहना सोने का कड़ा उतरवा लिया और कहा कि बाहर नल पर बहते पानी से हाथ धोकर आएं। जैसे ही पीड़ित हाथ धोने गए, आरोपी सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।

तहरीर के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 28 जुलाई 2026 को पुलिस ने ग्राम उल्हेडा जाने वाले मार्ग से आरोपी हंश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान हंश कुमार पुत्र कंवरभान निवासी ग्राम उल्हेडा, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला और पुरुषों को अपना निशाना बनाता था। वह पहले उनसे बातचीत कर विश्वास जीतता, फिर मालिश या दर्द ठीक करने का झांसा देकर उनके हाथों से सोने के गहने उतरवाता और मौका मिलते ही फरार हो जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हरिद्वार, देहरादून, रुड़की और ऋषिकेश क्षेत्र में इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ पहले भी सोने के गहनों की चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं तथा वह कई बार जेल भी जा चुका है। बरामद सोने के कड़े की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य लंबित मामलों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *